काटलीछोड़ा में जानलेवा हमला: तीन आरोपी गिरफ्तार, फरार अनूपम देव की तलाश जारी
हाइलाकांदी, 17 फरवरी।
काटलीछोड़ा थाना क्षेत्र में 25 जनवरी की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में हाइलाकांदी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी अनूपम देव अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी की रात गोपी देव, विशाल देव, बापन देव और अनूपम देव नामक चार व्यक्ति स्थानीय रेस्टोरेंट मालिक रिंकू चौधरी और उनके भाई टिंकू चौधरी के घर पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला किया। हमले में रिंकू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल शिलचर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद टिंकू चौधरी ने काटलीछोड़ा थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज होते ही सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच तेज की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार आरोपी अनूपम देव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
इधर, टिंकू चौधरी ने त्वरित कार्रवाई के लिए हाइलाकांदी पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच जारी रहेगी तथा फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।