काछार में मुख्यमंत्री का व्यस्त दौरा, उधारबंद में 15,301 महिलाओं को मिला 10-10 हजार का चेक

7 दिसंबर, शिलचर : दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने काछार जिले में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। रविवार सुबह उन्होंने सबसे पहले शिलचर के गांधीघाट में बराक नदी पर बन रहे नए पुल का शिलान्यास किया। इसके बाद वे उधारबंद स्थित डीएनएचएस मैदान में आयोजित महिला उद्यमिता परियोजना के चेक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उधारबंद विधानसभा क्षेत्र की कुल 15,301 महिलाओं को 10,000-10,000 रुपये के चेक प्रदान किए गए। चेक वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं स्वावलंबन योजनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि “कांग्रेस सरकार के समय लोगों को केवल ‘सूता–कंबल’ दिया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार असम की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर ‘लखपति बाइदेउ’ के रूप में विकसित कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि जनता आगामी समय में भी असम में भाजपा सरकार पर अपना विश्वास बनाए रखेगी।
कार्यक्रम में मंत्री कौशिक राय, मंत्री कृष्णेंदु पाल, शिलचर के सांसद परिमल शुक्लवैद्य, उधारबंद के विधायक मिहिरकांति सोम, शिलचर के विधायक दीपायन चक्रवर्ती, कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।