काछार में पंचायत चुनाव 2025 को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

शिलचर, 18 अप्रैल: आगामी पंचायत चुनाव 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से 17 अप्रैल, गुरुवार को कछार के जिला आयुक्त मृदुल यादव एवं अतिरिक्त जिला आयुक्त युवराज बरठाकुर की उपस्थिति में जिला आयुक्त के नए सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि प्रिसाइडिंग और पोलिंग अधिकारियों के लिए निर्धारित सभी चुनावी दिशा-निर्देशों का समान रूप से पालन हो। प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न होंगे।

अधिकारियों ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सभी मतदान कर्मियों को उनके दायित्व और कर्तव्यों की गहन जानकारी दी जाएगी। बैठक में चुनाव आचार संहिता, मतदान केंद्रों की तैयारी, परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा उपायों पर भी व्यापक चर्चा की गई।

चुनाव के दिन किसी भी तरह की त्रुटि या गड़बड़ी से बचने के लिए सभी मतदान कर्मियों को सतर्क और निष्पक्ष रहने की सलाह दी गई।

यह भी स्पष्ट किया गया कि इस पंचायत चुनाव के माध्यम से जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक ढांचे को और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अधिकतम सतर्कता बरतने का संकल्प दोहराया।

इस संबंध में जानकारी शिलचर के सूचना और जनसंपर्क विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

Leave a Comment