काछार में असम राइफल्स की बड़ी सफलता, 5.85 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद

काछार में असम राइफल्स की बड़ी सफलता, 5.85 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद

शिलचर, 7 नवंबर: असम के काछार ज़िले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई में असम राइफल्स ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर लगभग ₹5.85 करोड़ मूल्य की हेरोइन बरामद की है।
यह अभियान 4 नवंबर को सोनाबरीघाट क्षेत्र में चलाया गया, जब एक वाहन में ले जाए जा रहे मादक पदार्थों के खेप को रोककर तलाशी ली गई।
विशेष खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान मणिपुर के चंदेल ज़िले के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से एक वाहन और दो मोबाइल फ़ोन भी जब्त किए गए हैं।
 
असम राइफल्स के एक अधिकारी ने बताया कि यह ऑपरेशन उत्तर-पूर्व में नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ जारी मुहिम का हिस्सा है। बल लगातार DRI समेत अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रयासरत है।
अधिकारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य इस अवैध नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना और युवाओं को नशे की बुराई से बचाना है।”
असम राइफल्स की यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और निर्णायक कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment