काछार: धोलाई-लायलापुर मार्ग पर बड़ी कार्रवाई, 1.10 लाख याबा टैबलेट बरामद
काछार जिले के धलाई-लायलापुर सड़क मार्ग पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ धलाई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर आर्यानपुर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक 12 चक्का लॉरी पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, AS-01NC-3856 नंबर की लॉरी के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से काले पॉलिथीन में लिपटे 11 बड़े पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में 10-10 हजार की संख्या में कुल 1 लाख 10 हजार याबा टैबलेट पाए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक अन्य वाहन संख्या (AS-01NC-7329) की दो नंबर प्लेटें और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर कानून-व्यवस्था एजेंसियों की नजर से बचने के लिए नंबर प्लेट बदलकर मादक पदार्थों की ढुलाई कर रहे थे।
बरामद मादक पदार्थों की बाजार कीमत का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए धलाई पुलिस ने व्यापक जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।