काछार जिला भाजपा की ओर से कविंद्र पुरकायस्थ की स्मृति सभा
बंगभवन में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने उनके योगदान को किया नमन
16 जनवरी | शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट
उत्तर-पूर्व भारत में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कविंद्र पुरकायस्थ की स्मृति में गुरुवार को काछार जिला भाजपा समिति की पहल पर बंगभवन में एक भावपूर्ण स्मृतिचारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ-कनिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति रही।
सभा में वक्ताओं ने बराक घाटी के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में कविंद्र पुरकायस्थ के अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। काछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा ने अपने स्वागत भाषण में स्वर्गीय पुरकायस्थ के राजनीतिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक असाधारण संगठनकर्ता थे, जिनका योगदान बराक घाटी के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
राज्य मंत्री कौशिक राय ने अपने संबोधन में उनके सशक्त नेतृत्व, संगठन क्षमता तथा शिक्षक के रूप में दिए गए योगदान को याद किया और उनसे जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए।
इस अवसर पर सांसद परिमल शुक्लवैद्य भावुक होते हुए बोले, “मेरे परिवार में कोई राजनीति से जुड़ा नहीं था। कविंद्र पुरकायस्थ के मार्गदर्शन में ही मैंने राजनीति में कदम रखा। उनका पूरा राजनीतिक जीवन त्याग और समर्पण से भरा था। वे मेरे लिए एक अभिभावक समान थे। जीवनभर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्य करता रहूंगा।”
सभा में राज्य मंत्री कौशिक राय, सांसद परिमल शुक्लवैद्य, विधायक निहार रंजन दास, विधायक मिहिर कांति सोम, पूर्व सांसद डॉ. राजदीप राय, पूर्व विधायक दिलीप कुमार पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष विमलेंदु राय सहित अनेक वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक शशिकांत चौथाइवाले उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय कविंद्र पुरकायस्थ के चित्र पर पुष्पार्घ्य अर्पित कर एवं पंचप्रदीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सभा का संचालन विप्लब देवनाथ ने किया। अंत में उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर कार्यक्रम का समापन किया गया।