घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का दावा, स्थानीय लोगों ने जांच और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की मांग की
विशेष प्रतिनिधि शिलचर, 24 अक्टूबर। कठाल रोड के दोनों ओर नाला निर्माण कार्य में कथित अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बैंक कॉलोनी और लस्कर लेन के संगम स्थल पर निर्माणाधीन कलवर्ट-सह-नाले की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले गुरुवार को उक्त स्थान पर नाले के एक हिस्से की ढलाई की गई थी। आरोप है कि ढलाई के महज 24 घंटे के भीतर, शुक्रवार की शाम नवनिर्मित नाले की एक ओर की दीवार अचानक ढह गई। इतनी कम अवधि में दीवार के गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता, इस्तेमाल की गई सामग्री और संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क और नाले की खुदाई शुरू करने से पहले आवागमन के लिए समुचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इससे लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और दैनिक यात्रियों के लिए इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता की जांच करने, अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदार ठेकेदार के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक धन से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।