कछार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में बर्मी सिगरेट बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

शिलचर, 11 जुलाई। काछार पुलिस ने तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर काशीपुर–क्रेगपार्क ग्रामीण मार्ग पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक यात्री वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित विदेशी (बर्मी) सिगरेट बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, मिजोरम से राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के रास्ते इन विदेशी सिगरेटों की खेप को अन्य राज्यों में तस्करी कर भेजने की कोशिश की जा रही थी। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी संख्या में बर्मी सिगरेट बरामद हुई।

मौके से धोलाई थाना क्षेत्र के बसखाल गांव निवासी मिनाल हुसैन लस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद सिगरेट और आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितना व्यापक है।

कछार पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई कछार पुलिस की तस्करी विरोधी मुहिम की एक और महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Leave a Comment