कछार पुलिस ने एक करोड़ रुपये की याबा टैबलेट जब्त

80 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद, दो गिरफ्तार

शिलचर 1 अक्टूबर: गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर कछार पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की। धलाई के मथुरापुर जीपी अंतर्गत विद्यरत्नपुर क्षेत्र के एक घर में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 80 हजार याबा टैबलेट जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिलने पर धलाई पुलिस ने विद्यरत्नपुर इलाके में बाबलू लस्कर के घर पर छापेमारी की। अभियान में लायलापुर पुलिस ने भी सहयोग किया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद हुई।

पुलिस ने मामले में बाबलू लस्कर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और संभावित अंतरराज्यीय अथवा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संबंधों की भी जांच की जा रही है।

मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और कारोबार के खिलाफ कछार पुलिस के लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment