कछार जिला माली समाज का वार्षिक सम्मेलन 16 अगस्त को, विभिन्न राज्यों से आएंगे प्रतिनिधि

दो मंत्रियों की मौजूदगी में होगा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को भी किया जाएगा सम्मानित

शिलचर, 10 अगस्त। बराक घाटी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बसे माली समाज को एकजुट कर मजबूत संगठनात्मक मंच तैयार करने की दिशा में कछार जिला माली समाज ने पहल तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से आगामी 16 अगस्त को शिलचर में जिला माली समाज का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

रविवार को शिलचर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कछार जिला मालाकार समाज के अध्यक्ष रंटू मालाकार, महासचिव महीतोष सिन्हा और सह-सचिव विश्वजीत मालाकार ने सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्षिक सम्मेलन में समाज की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के साथ-साथ मांगों के समाधान और अधिकारों की प्राप्ति के लिए आगामी कार्ययोजना तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम शिलचर सर्किट हाउस रोड स्थित आशीर्वाद भवन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री कौशिक राय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री कृष्णेंदु पाल उपस्थित रहेंगे। विधायक विजय मालाकार भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कछार जिले के सभी विधायकों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

सम्मेलन के दौरान माली समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा असम में रह रहे माली समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि माली समाज देश के विभिन्न राज्यों में बिखरा हुआ है। समाज के कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक व्यक्तित्व भी इस समुदाय से जुड़े रहे हैं। इस कारण कछार जिला माली समाज के वार्षिक सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न राज्यों से कम से कम 20 आमंत्रित प्रतिनिधियों के शिलचर पहुंचने की जानकारी भी दी गई है।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, सम्मेलन के बाद संगठनात्मक विस्तार का कार्य तेज किया जाएगा। सबसे पहले हैलाकांडी और श्रीभूमि जिला समितियों का गठन किया जाएगा। इसके बाद राज्य समिति का पुनर्गठन किया जाएगा। आगे चलकर देशभर में माली समाज को एकजुट कर अखिल भारतीय स्तर पर एक मजबूत केंद्रीय समिति गठित करने की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में विभिन्न राज्यों में समाज की अलग-अलग समितियां कार्यरत हैं। इन समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राष्ट्रीय स्तर पर एक सशक्त केंद्रीय संगठन तैयार करना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। शिलचर सम्मेलन के बाद इस दिशा में औपचारिक रूप से कार्य शुरू किया जाएगा।

सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संगठन की ओर से बकुल मालाकार, विधान मालाकार, धनंजय मालाकार, समीरन फूलमाली, विमान मालाकार, बादल मालाकार सहित अन्य पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment