एफसीआई बदरपुर में ‘माई भारत’ के तत्वावधान में पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम शुरू

बदरपुर, 19 जून। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत), करीमगंज के सौजन्य तथा स्थानीय स्वैच्छिक संगठन लॉर्ड्स क्लब, बदरपुर के संचालन में 17 जून से 22 जून 2026 तक एफसीआई बदरपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं खाद्यान्न प्रबंधन विषय पर पांच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर माई भारत, करीमगंज के युवा अधिकारी गौरव पंथी, एफसीआई बदरपुर के प्रबंधक सुदीप राठौर तथा लॉर्ड्स क्लब बदरपुर के सचिव फारुक उद्दीन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त लॉर्ड्स क्लब के दस स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनमें मारजान अहमद, तानिया परवीन, आरिफा बेगम, जायदुल आलम और अब्दुल समद प्रमुख हैं।

प्रशिक्षण के दौरान एफसीआई के कृषि-2 तकनीकी सहायक अब्दुल्लाह साजेद ने प्रतिभागियों को खाद्यान्नों के संरक्षण, क्षति नियंत्रण तथा गुणवत्ता वर्गीकरण की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सूरज निंगथौजम ने निर्धारित मानकों एवं एकीकृत विनिर्देशों के अनुरूप कच्चे चावल की गुणवत्ता जांच और परीक्षण प्रक्रिया के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खाद्य भंडारण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है, जिससे उनमें खाद्य सुरक्षा और प्रबंधन के प्रति व्यावहारिक ज्ञान एवं जागरूकता विकसित हो सके।

Leave a Comment