उधारबंद में श्री श्री श्मशान काली माता मंदिर का वार्षिक उत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न

उधारबंद में श्री श्री श्मशान काली माता मंदिर का वार्षिक उत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न

नीहार कांति राय, उधारबंद, 21 जनवरी: 

उधारबंद स्थित श्री श्री श्मशान काली माता मंदिर की स्थापना के वार्षिक उत्सव का आयोजन इस वर्ष भी भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में किया गया। मंदिर विकास समिति, उधारबंद के तत्वावधान में दो दिवसीय इस वार्षिक महोत्सव के अंतर्गत विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंगलवार को अधिवास के साथ माता के वार्षिक उत्सव का शुभारंभ हुआ। बुधवार की सुबह से ही हरि नाम संकीर्तन के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो उठा। इसके साथ ही विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना, यज्ञ एवं हवन आदि संपन्न हुए। प्रसिद्ध कीर्तनिया समुदाय द्वारा हरि नाम की अविरल धारा प्रवाहित की गई, जिससे भक्तजन भाव-विभोर हो उठे।

उत्सव के दौरान माता के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर प्रांगण में उमड़ पड़ी। इस अवसर पर लक्षीपुर के पूर्व सांसद राजदीप गोयाला भी माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे। उनके साथ अन्य अतिथि एवं उधारबंद ग्राम पंचायत की सभानेत्री काकली कर उपस्थित रहीं।

प्रेरणा भारती के पत्रकार निहार कांति राय से बातचीत में पूर्व सांसद राजदीप ग्वाला ने कहा कि वे माता का आशीर्वाद लेने आए हैं और यहां के आध्यात्मिक वातावरण ने उन्हें भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि हरि नाम मानव जीवन का अभिन्न अंग है और यही जीवन की अमूल्य संपदा है। इस अमृतमय वातावरण को छोड़ने का मन नहीं करता।

इस अवसर पर श्मशान विकास समिति के सुमन चंद सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। वार्षिक उत्सव के दौरान लगभग चार हजार श्रद्धालुओं ने माता का प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Comment