उधारबंद में भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला का जोरदार प्रचार, बोले—विकास पर जनता देगी फैसला।

उधारबंद में भाजपा प्रत्याशी राजदीप ग्वाला का जोरदार प्रचार, बोले—विकास पर जनता देगी फैसला।
 चंद्रशेखर ग्वाला बड़खोला, 26 मार्च :—– काछार जिले के उधारबंद विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राजदीप ग्वाला ने आज क्षेत्र में कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर माहौल को गरमा दिया। इस दौरान उनके साथ काछार जिला भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए राजदीप ग्वाला ने कहा कि उनका राजनीति का उद्देश्य हमेशा से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा है। उन्होंने दावा किया कि वे हर स्तर पर आम लोगों से जुड़े हुए हैं और जनता जनार्दन पर उन्हें पूरा भरोसा है।
हालांकि उधारबंद क्षेत्र में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार भी मजबूत माने जा रहे हैं, लेकिन राजदीप ग्वाला ने स्पष्ट रूप से कहा कि अंतिम निर्णय जनता के हाथ में है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता विकास के मुद्दे पर मतदान करेगी और राज्य व केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों को ध्यान में रखकर अपना मत देगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक पार्टी ने लोगों को भ्रमित करने की राजनीति की है, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है और सही-गलत का फर्क समझती है।
इसी क्रम में राजदीप ग्वाला ने अपने केंद्रीय चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया, कार्यालय उद्घाटन में राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ सहित प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। जिसे आगामी चुनावी गतिविधियों का मुख्य केंद्र बताया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इस अवसर पर खासा उत्साह देखा गया।
आगामी दिनों में उधारबंद में चुनावी मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना है, जहां सभी दल अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

Leave a Comment