उधारबंद में ‘निजुत मयना’ और ‘निजुत बाबू’ योजना के आवेदन पत्र वितरित, विधायक राजदीप ग्वाला ने छात्रों से कहा—‘निजुत मस्तान नहीं, शिक्षित नागरिक बनें’

उधारबंद। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने गुरुवार को गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11 से स्नातकोत्तर स्तर तक के लगभग साढ़े छह लाख विद्यार्थियों के लिए ‘निजुत मयना’ एवं ‘निजुत बाबू’ योजना के आवेदन पत्र वितरण का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव और जोरहाट जिलों में भीषण बाढ़ से क्षतिग्रस्त 793 शिक्षण संस्थानों के मरम्मत कार्य के लिए कुल 15 करोड़ रुपये की राशि सीधे संबंधित विद्यालयों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के लगभग 500 शिक्षण संस्थानों में बड़ी स्क्रीन पर किया गया। इसी क्रम में उधारबंद स्थित जगन्नाथ सिंह कॉलेज में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसे शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला थे। उनके साथ कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सोमनाथ देव, पूर्व अध्यक्ष सूर्य कुमार शर्मा, शिक्षाविद क्षौणिश चक्रवर्ती, भाजपा उधारबंद मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. समरेंद्र कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। ‘निजुत मयना’ और ‘निजुत बाबू’ जैसी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए नई प्रेरणा और आर्थिक संबल प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का सदुपयोग करते हुए पूरी लगन से पढ़ाई करने और भविष्य में समाज व राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा, “जो विद्यार्थी ‘निजुत मयना’ और ‘निजुत बाबू’ योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वे सच्ची शिक्षा हासिल करें। ‘निजुत मस्तान’ नहीं, बल्कि जिम्मेदार और शिक्षित नागरिक बनें। अंधकार का मार्ग छोड़कर ज्ञान और उजाले के पथ पर आगे बढ़ें।”

कार्यक्रम के दौरान विधायक राजदीप ग्वाला, सोमनाथ देव, सूर्य कुमार शर्मा, क्षौणिश चक्रवर्ती, उमा शंकर भट्टाचार्य तथा प्राचार्य डॉ. समरेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से चयनित 10 विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘निजुत मयना’ एवं ‘निजुत बाबू’ योजना के आवेदन पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये योजनाएं उनके उच्च शिक्षा के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

आवेदन पत्र वितरण के दौरान परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में भी शिक्षा हित में ऐसी योजनाएं जारी रहने की उम्मीद जताई।

कार्यक्रम का संचालन इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. श्याम महमूद ने किया। अंत में कॉलेज प्रबंधन समिति की ओर से अध्यक्ष सोमनाथ देव ने विधायक राजदीप ग्वाला को स्वामी विवेकानंद की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment