उधारबंद में आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा, 219 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता

उधारबंद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उधारबंद में आत्मनिर्भरता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के ‘CM Triple A—आत्मनिर्भर असम अभियान’ के तहत 219 लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता भेजी गई। कार्यक्रम में विधायक राजदीप गोवाला ने पांच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

इस अवसर पर विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी की तलाश करने के बजाय कौशल विकास, कुटीर एवं लघु उद्योग के माध्यम से रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर युवा ही आत्मनिर्भर असम और भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शालगंगा स्थित महात्मा गांधी टीकल मॉडल अस्पताल में राष्ट्रीय डायलिसिस सेवा केंद्र का उद्घाटन विधायक राजदीप ग्वाला ने किया। केंद्र का संचालन अपोलो डायलिसिस के सहयोग से किया जाएगा। इससे शालगंगा तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को डायलिसिस के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने की परेशानी कम होगी। केंद्र में पूर्ण रूप से सेवाएं शुरू होने में लगभग एक सप्ताह लगने की जानकारी दी गई।

विधायक ने अस्पताल को फर्स्ट रेफरल यूनिट (FRU) में विकसित करने के प्रस्ताव की भी जानकारी दी। इससे भविष्य में यहां छोटे ऑपरेशन सहित अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की संभावना है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। विधायक ने अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी निरीक्षण किया और रक्तदाताओं को पदक देकर प्रोत्साहित किया। साथ ही शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य पुरस्कार प्राप्त प्राथमिक शिक्षक स्वास्थ्ययन देव को सम्मानित किया गया।

Leave a Comment