उधारबंद क्षेत्र के विधायक राजदीप ग्वला का औचक निरीक्षण, 11 में से केवल 1 शिक्षक मिला उपस्थित 

उधारबंद क्षेत्र के विधायक राजदीप ग्वला का औचक निरीक्षण, 11 में से केवल 1 शिक्षक मिला उपस्थित 
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 10 जून: कछाड़ जिले के उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजदीप ग्वाला ने बुधवार सुबह इटखोला सर्वोदय हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल की स्थिति देखकर विधायक हैरान रह गए। विद्यालय में कार्यरत 11 शिक्षकों में से केवल एक शिक्षक ही उपस्थित पाया गया, जबकि शेष 10 शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे।
विद्यालय में शिक्षकों की भारी अनुपस्थिति पर विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल शिक्षा विभाग के अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर मामले की जानकारी दी और अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार की लापरवाही विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा आवश्यक होने पर उनका अन्य स्थानों पर तबादला किया जाए।
 विधायक के औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी विद्यालयों में नियमित निगरानी की मांग करते हुए विधायक की इस पहल का स्वागत किया है।

Leave a Comment