उधारबंद के भाटीग्राम में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी

उधारबंद क्षेत्र के भाटीग्राम, सत्संग रोड निवासी 45 वर्षीय निताई दास का शव शनिवार सुबह नदी किनारे एक पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से परिवार और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

मृतक की पत्नी शिल्पी दास ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ मनाई थी। शुक्रवार शाम निताई दास घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने उन्हें काफी खोजने का प्रयास किया, पर कोई पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह उनके बेटे के एक मित्र का फोन आया और उसने बताया कि निताई दास का शव नदी किनारे एक पेड़ से लटका हुआ देखा गया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव को पेड़ से लटका देख परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर पुलिस दल के साथ एसआई हिरक ज्योति दास मौके पर पहुंचे। बाद में सर्किल ऑफिसर ऋतुराज बरदलै भी घटनास्थल पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में इनक्वेस्ट की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।

निताई दास फल विक्रेता थे और अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। इस आकस्मिक घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।