उत्कर्ष महोत्सव के अंतर्गत विद्यालय निरीक्षण सफल, दक्षिण असम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल

उत्कर्ष महोत्सव के अंतर्गत विद्यालय निरीक्षण सफल, दक्षिण असम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में सकारात्मक पहल
अभिजीत बनिक, रामकृष्णनगर, 12 फरवरी
विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र की योजना के अंतर्गत 4, 5 एवं 6 फरवरी को आयोजित ‘उत्कर्ष महोत्सव’ शीर्षक विद्यालय निरीक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। क्षेत्र के विभिन्न भागों के साथ-साथ शिक्षा विकास परिषद, दक्षिण असम प्रांत में भी यह कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किया गया। उत्कर्ष महोत्सव के प्रथम चरण में दक्षिण असम प्रांत के कुल पंद्रह विद्यालयों में निरीक्षण कार्य संचालित किया गया। इसी क्रम में 5 फरवरी 2026 को रामकृष्णनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में निरीक्षण कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। इस अवसर पर गठित निरीक्षक दल में कर्णमधु क्षेत्र के विशिष्ट शिक्षाविद् अजय कुमार दास, सरस्वती विद्या निकेतन कर्णमधु विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य कानाइलाल नाथ, विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ आचार्य निरुपम पुरकायस्थ, पूर्व विद्यार्थी दीक्षा नाग तथा विद्यालय की मातृ भारती की संपादिका जयश्री चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात आचार्य श्री शेखर चक्रवर्ती ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया तथा उनका विधिवत स्वागत एवं सम्मान किया गया। नियमित शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रखते हुए निरीक्षण प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस दौरान माननीय निरीक्षकों ने शिक्षा विकास परिषद द्वारा निर्धारित विषयवार अभिलेखों एवं गतिविधियों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया।
आगामी चरण में निरीक्षक दल ने आचार्य-आचार्याओं एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित कर विद्यालय संचालन एवं शिक्षण व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न यह निरीक्षण कार्यक्रम विद्यालय की समग्र गुणवत्ता वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय पहल सिद्ध हुआ। दक्षिण असम प्रांत में शिक्षा के गुणात्मक विकास हेतु शिक्षा विकास परिषद के प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं।

Leave a Comment