हाइलाकांदी, 10 जुलाई।
आयनाखाल सहकारी समिति परिसर में गुरुवार को द असम को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक, हाइलाकांदी शाखा के तत्वावधान में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण, रुपे कार्ड प्रदान एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों एवं लाभार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
शिविर में क्षेत्रीय एलडीएम विभास रंजन दास, द असम को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक हाइलाकांदी शाखा के शाखा प्रबंधक हराधन दास, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आयुष्मान यास, सुपरवाइजिंग ऑफिसर मुस्तफा हुसैन तापादार, आयनाखाल सहकारी समिति के अध्यक्ष राजकुमार भर तथा सचिव रमेश कोइरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का सही उपयोग करने, समय पर भुगतान करने तथा वित्तीय अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही रुपे कार्ड के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल लेनदेन के लाभ तथा साइबर ठगी से बचाव के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में आठ किसानों एवं लाभार्थियों को कुल 3,44,038 रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत कर ऋण संबंधी दस्तावेज एवं रुपे कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की उपयोगिता पर भी प्रकाश डालते हुए किसानों से अधिकाधिक संख्या में बीमा कराने की अपील की, ताकि प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
कार्यक्रम में बताया गया कि आयनाखाल सहकारी समिति में 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किसानों को केसीसी ऋण वितरित किया गया है। जिले की अन्य किसी सहकारी समिति को फिलहाल यह उपलब्धि प्राप्त नहीं हुई है। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि ऋण का समुचित उपयोग एवं समय पर पुनर्भुगतान करने से भविष्य में किसानों को और अधिक वित्तीय सुविधाएं मिलेंगी तथा आयनाखाल सहकारी समिति जिले की आदर्श सहकारी समिति के रूप में स्थापित होगी।
कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का पारंपरिक अंगवस्त्र (उत्तरिय) पहनाकर सम्मान किया गया। स्वागत भाषण समिति के अध्यक्ष राजकुमार भर ने दिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बुलन शुक्लबैद्य ने किया, जबकि अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।