हाइलाकांदी, 26 अक्टूबर। बराक घाटी में चोरी, लूटपाट, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों तथा नशे और जुए जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर शिवसेना की बराक घाटी इकाई ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को ज्ञापन सौंपा।
हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना की बराक घाटी इकाई ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए ज्ञापन में क्षेत्र में कथित लव जिहाद की घटनाओं में वृद्धि सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताई। संगठन ने इन मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना के बराक घाटी प्रमुख संजीत देबनाथ ने कहा कि क्षेत्र में चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शराब, मादक पदार्थों और जुए से युवाओं को बचाने के लिए प्रशासन से विशेष पहल करने का आग्रह किया।
ज्ञापन पर प्राणकांत दास, दीपारती मालाकार दास, नयन देबनाथ, मम्पी दास, हीरोकज्योति चक्रवर्ती, शिल्पी चक्रवर्ती, अभिजीत देबनाथ (बंटी), सुमन देबनाथ, शुभम राय और पम्पी शिव सहित अन्य कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर थे।