असम राइफल्स ने विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मलेरिया की रोकथाम और जनस्वास्थ्य को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस अवसर पर असम राइफल्स ने तमेंगलोंग और जिरीबाम जिलों के नुंगबा, रोंगदाई, टोल्लेन, न्यू कैफुंदई, कदमतला और टुईसिलेन गांवों में धुंआकृत (फ्यूमिगेशन) अभियान और जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत सार्वजनिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों में फ्यूमिगेशन अभियान से हुई, जिसका उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट कर मलेरिया के प्रसार के खतरे को कम करना था। इसके बाद स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए, जिनमें मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण उपायों, लक्षणों और उपचार, तथा सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर जानकारी दी गई।
अंत में, स्थानीय लोगों के बीच मच्छर भगाने वाली स्प्रे और मच्छरदानियों का वितरण किया गया।
असम राइफल्स की इस पहल का उद्देश्य समुदाय को मलेरिया के जोखिमों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सभी मिलकर इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पा सकें।