असम राइफल्स ने नुंगबा और थौदाइजंग गांवों में वितरित की सोलर लाइटें

नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर रोशनी, रात में आवागमन होगा सुरक्षित

प्रे. स. शिलचर, 22 अक्टूबर। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से असम राइफल्स की श्रीकोना बटालियन ने अपने नागरिक कार्य कार्यक्रम (सिविक एक्शन प्रोग्राम) के तहत नुंगबा और थौदाइजंग गांवों के निवासियों के बीच सोलर लाइटों का वितरण किया।

गांवों में बार-बार बिजली गुल होने और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को विशेषकर रात के समय आवागमन में परेशानी होती थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सोलर लाइटें वितरित की गईं, ताकि गांव की पगडंडियों और रास्तों पर रोशनी उपलब्ध हो सके तथा लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित बने।

इस पहल से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित स्थानीय ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

असम राइफल्स की यह पहल दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से असम राइफल्स स्थानीय समुदायों के साथ अपने संबंध मजबूत करने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने का प्रयास कर रही है।

‘पूर्वोत्तर के मित्र’ के अपने ध्येय वाक्य के अनुरूप असम राइफल्स सुरक्षा के साथ-साथ जनसेवा और सामुदायिक कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

Leave a Comment