असम राइफल्स और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई में काछार जिले से ₹39 करोड़ की याबा टैबलेट जब्त
शिलचर, 21 जनवरी: असम राइफल्स ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के साथ संयुक्त रूप से काछार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खुफिया सूचना के आधार पर शुरू की गई इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी।
20 जनवरी 2025 की देर रात एनएच-306 पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान त्रिपुरा के तीन निवासियों को गिरफ्तार किया गया, जो 1,30,000 याबा टैबलेट की तस्करी कर रहे थे। जब्त की गई नशीली गोलियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹39 करोड़ बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो टाटा ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि असम राइफल्स उत्तर-पूर्व क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। यह बड़ी बरामदगी नार्कोटिक्स नेटवर्क को तोड़ने और मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।