अरुणाबंद चाय बागान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

अरुणाबंद चाय बागान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित
75 लोगों की आंखों की जांच, 6 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था
शिलचर, 6 मई : Lions Club of Silchar Signature एवं लियो क्लब के संयुक्त संचालन तथा Silchar Lions Eye Hospital के सहयोग से बुधवार को उदारबंद स्थित अरुणाबंद चाय बागान अस्पताल में एक निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद पहचान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 75 मरीजों की आंखों की जांच की गई। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। जांच के दौरान 6 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए शिलचर लायंस आई हॉस्पिटल भेजा गया।
क्लब सूत्रों के अनुसार, इन मरीजों का गुरुवार को ऑपरेशन किया जाएगा तथा उन्हें लेंस और चश्मा उपलब्ध कराने के बाद सुरक्षित रूप से उनके घर पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।
इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए लायंस क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब के अध्यक्ष लायन सुब्रत विश्वास तथा प्रशासक लायन बसुदेव भट्टाचार्य ने चाय बागान प्रबंधन और अस्पताल कर्मियों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में लायन सुब्रत धर, लायन सुब्रत विश्वास, लायन बसुदेव भट्टाचार्य, लायन डॉ. जयंती भट्टाचार्य सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment