अधरचांद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवम कक्षा की 135 छात्राओं को साइकिल वितरण
शिलचर। अधरचांद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को नवम कक्षा की छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम का विधिवत आयोजन किया गया। राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत कुल 135 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई, जिससे उनकी विद्यालय तक आवागमन सुविधा सुदृढ़ होगी और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष, वर्तमान में न्यू शिलचर मंडल प्रभारी मित्रा राय मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन समिति की सह-सभापति मौटुसी राय ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा छह की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत से हुई, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बन गया। विद्यालय की अध्यक्षा माधुरी बर्मन ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की उपस्थिति में असम के माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल छात्राओं के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि साइकिल मिलने से दूरदराज की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में विशेष सुविधा होगी और ड्रॉपआउट दर में भी कमी आएगी।
साइकिल प्राप्त कर छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता जताई तथा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।