शिलचर : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दूधपातिल देवनाथ पाड़ा में पूरे उत्साह और उमंग के साथ सार्वजनिक काली पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गत सोमवार पूजा समिति की ओर से एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र की साक्षी देवनाथ, वृष्टि दास, दीक्षिता नाथ, दीपशिखा नाथ, तृषा देवनाथ, मानसी देवनाथ, राखी नाथ, श्री नाथ, अनंत देवनाथ, झतिका देवनाथ सहित अन्य कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं लक्ष्मी देवनाथ, साक्षी देवनाथ, दीपशिखा नाथ एवं भूमिका दास ने गीत प्रस्तुत किए। अनुक्षा देवनाथ ने योगासन का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व शिक्षक शेखर रंजन नाथ, विशिष्ट अधिवक्ता बिरू रंजन नाथ, समर चंद एवं स्वर्णाली भट्टाचार्य नाथ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अतिथियों ने अपने संबोधन में इस तरह के आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
इसके अलावा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक माखन देवनाथ, वृंदावन देवनाथ, अमूल्य देवनाथ, भक्त रंजन देवनाथ सहित अनेक लोग उपस्थित थे। रात लगभग दस बजे तक चले इस आकर्षक कार्यक्रम में सौ से अधिक स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम का सुंदर संचालन झतिका देवनाथ ने किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को कॉपी एवं कलम देकर सम्मानित किया गया, जबकि तीन प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए विजय देवनाथ ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि दूधपातिल देवनाथ पाड़ा स्थित निकुंज वैष्णव राधामाधव अखाड़ा में आयोजित इस सार्वजनिक काली पूजा ने इस वर्ष अपने 15 वर्ष पूरे कर लिए।