डॉ. सुजीत तिवारी
प्राचार्य, विमेन्स कॉलेज, सिलचर
मानव सभ्यता का इतिहास वस्तुतः अज्ञात को जानने, अंधकार को पार कर प्रकाश की खोज करने और अपनी सीमाओं को लाँघकर नई संभावनाओं तक पहुँचने की अनवरत यात्रा है। जिस मनुष्य ने कभी विस्मय से आकाश के तारों को निहारते हुए अपने अस्तित्व के रहस्यों को समझना चाहा था, वही आज अंतरिक्ष की गहराइयों में यान भेज रहा है, परमाणु के सूक्ष्म संसार का अन्वेषण कर रहा है, कृष्ण विवरों के रहस्यों को समझने का प्रयास कर रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से ज्ञान के नए आयाम खोल रहा है। इस अद्भुत यात्रा का सबसे महत्त्वपूर्ण सहयात्री विज्ञान है।
विज्ञान केवल सूत्रों, समीकरणों, प्रयोगशालाओं और तकनीकी आविष्कारों का संग्रह नहीं है; यह स्वतंत्र चिंतन, तर्कशीलता, जिज्ञासा और सत्य के प्रति अटूट निष्ठा की अभिव्यक्ति है।
प्रत्येक वर्ष 10 नवंबर को विश्वभर में ‘शांति और विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस’ मनाया जाता है। यूनेस्को ने वर्ष 2001 में इस दिवस की घोषणा की थी और 2002 से इसका अंतरराष्ट्रीय आयोजन प्रारंभ हुआ। इसका उद्देश्य विज्ञान को समाज से जोड़ना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जनजीवन का हिस्सा बनाना तथा शांति और सतत विकास में विज्ञान की भूमिका को रेखांकित करना है।
वर्ष 2026 की इस दिवस की विषयवस्तु है—‘Common Ground Through Science Diplomacy’, अर्थात् विज्ञान-कूटनीति के माध्यम से साझा आधार का निर्माण। आज जब विश्व राजनीतिक मतभेदों, सीमा-विवादों, आर्थिक प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक विभाजनों से जूझ रहा है, तब विज्ञान अंतरराष्ट्रीय सहयोग और पारस्परिक विश्वास की एक प्रभावशाली भाषा बन सकता है।
जलवायु परिवर्तन, महामारी, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल और पर्यावरण संकट जैसी चुनौतियाँ किसी देश की सीमाओं में बँधी नहीं हैं। एक क्षेत्र का प्रदूषण दूसरे क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है और किसी एक देश में उत्पन्न पर्यावरणीय संकट का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। इसलिए इन समस्याओं का समाधान भी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग, शोध के साझा प्रयासों और ज्ञान के मुक्त आदान-प्रदान से ही संभव है।
विज्ञान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सत्य की खोज किसी जाति, धर्म, भाषा या राष्ट्रीय सीमा की अधीनता स्वीकार नहीं करती। प्रकृति के नियम सार्वभौमिक हैं और वैज्ञानिक उपलब्धियाँ समूची मानवता की धरोहर बन सकती हैं। अंतरिक्ष अनुसंधान, चिकित्सा और पर्यावरण संरक्षण में विभिन्न देशों का सहयोग इस बात का प्रमाण है कि विज्ञान वैश्विक शांति की नींव को भी मजबूत कर सकता है।
विज्ञान के विकास के साथ एक बुनियादी प्रश्न भी जुड़ा है—विज्ञान किसके लिए और किस उद्देश्य से? परमाणु ऊर्जा जहाँ बिजली उत्पादन की अपार संभावनाएँ खोलती है, वहीं उसका दुरुपयोग मानव अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता कार्यक्षमता और सृजनशीलता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सक्षम है, लेकिन इसके साथ निजता, रोजगार, सूचना की विश्वसनीयता और नैतिकता से जुड़े प्रश्न भी सामने आते हैं। अतः विज्ञान की प्रगति के साथ मानवीय संवेदना, नैतिक उत्तरदायित्व और सामाजिक प्रतिबद्धता भी उतनी ही आवश्यक है। विज्ञान की सार्थकता नए आविष्कार करने से कहीं अधिक इस बात में है कि वे मानव जीवन को कितना सुरक्षित, समृद्ध और समानतापूर्ण बनाते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी पृथ्वी छोड़ते हैं।
भारतीय सभ्यता की बौद्धिक परंपरा में गणित, खगोलशास्त्र, चिकित्सा, धातुविज्ञान और प्रकृति के रहस्यों के प्रति जिज्ञासा का विशिष्ट स्थान रहा है। शून्य एवं दशमलव स्थानमान पद्धति का विकास, आर्यभट की खगोल संबंधी अवधारणाएँ, ब्रह्मगुप्त और भास्कराचार्य का गणितीय योगदान, सुश्रुत की शल्य चिकित्सा संबंधी परंपरा तथा प्राचीन भारत की धातुकर्म संबंधी उपलब्धियाँ हमारी ज्ञान-परंपरा के महत्त्वपूर्ण अध्याय हैं।इस विरासत का सम्मान करने का अर्थ अतीत का अतिरंजित महिमामंडन करना नहीं, बल्कि ऐतिहासिक प्रमाणों, तर्क और आधुनिक अनुसंधान के आधार पर उसका निष्पक्ष मूल्यांकन करना है। जिस प्रकार प्राचीन ज्ञान की उपेक्षा उचित नहीं, उसी प्रकार बिना प्रमाण के प्रत्येक उपलब्धि को आधुनिक विज्ञान के समकक्ष बताना भी उचित नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि अतीत से प्रेरणा लेकर वर्तमान में नए प्रश्न और नए शोध विकसित किए जाएँ।
आधुनिक विज्ञान के वैश्विक मंच पर भारतीय वैज्ञानिकों ने अपनी मौलिक प्रतिभा और अनुसंधान से विशिष्ट पहचान बनाई है। सर चंद्रशेखर वेंकट रमन ने प्रकाश के प्रकीर्णन से संबंधित अपने महत्त्वपूर्ण कार्य के लिए 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्राप्त किया। सत्येंद्रनाथ बोस के क्वांटम सांख्यिकी संबंधी योगदान ने आधुनिक भौतिकी को नई दिशा दी; उन्हीं के नाम पर बोसॉन कण और बोस-आइंस्टीन सांख्यिकी प्रसिद्ध हैं। सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर को तारों की संरचना और विकास संबंधी शोध के लिए 1983 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मेघनाद साहा का आयनीकरण समीकरण खगोल भौतिकी के विकास में अत्यंत महत्त्वपूर्ण सिद्ध हुआ, जबकि होमी जहाँगीर भाभा ने भारत में आधुनिक परमाणु अनुसंधान की संस्थागत नींव मजबूत की। इसी गौरवशाली परंपरा में कुछेक दिन पहले प्रोफेसर अशोक सेन की उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है। ईसी वर्ष 2026 में उन्हें प्रतिष्ठित ‘ऑस्कर क्लाइन मेडल’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्राप्त करने वाले वे पहले भारतीय भौतिक विज्ञानी हैं। स्ट्रिंग थ्योरी, ब्लैक होल की एंट्रॉपी तथा स्ट्रिंग फील्ड थ्योरी में उनके मौलिक शोध ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय में विशेष प्रतिष्ठा अर्जित की है। यह उपलब्धि न केवल एक वैज्ञानिक की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि भारतीय अनुसंधान क्षमता और मौलिक चिंतन की वैश्विक पहचान भी है।सत्येंद्रनाथ बोस, सी. वी. रमन, मेघनाद साहा, सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर और अशोक सेन की यह परंपरा हमें बताती है कि मौलिक चिंतन, निरंतर परिश्रम और ज्ञान-साधना का कोई विकल्प नहीं है। विशेषकर अशोक सेन की उपलब्धि युवा पीढ़ी को यह विश्वास देती है कि भारतीय प्रतिभा विश्वस्तरीय मौलिक अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभा सकती है। इसके लिए आवश्यक है—अनुसंधान की स्वतंत्रता, अनुकूल वातावरण, संस्थागत सहयोग और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता।
वैज्ञानिक विकास की वास्तविक नींव विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में रखी जाती है। जब कोई बच्चा पहली बार पूछता है कि आकाश नीला क्यों दिखाई देता है, वर्षा कैसे होती है, पौधे अपना भोजन कैसे बनाते हैं अथवा विद्युत का प्रवाह कैसे होता है, तभी उसके भीतर वैज्ञानिक जिज्ञासा का बीजारोपण होता है। प्रश्न पूछने की स्वतंत्रता, प्रयोग करने का अवसर और अपनी गलतियों से सीखने की प्रेरणा देना शिक्षा का महत्त्वपूर्ण दायित्व है।
हमारी शिक्षा व्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा आज भी परीक्षा, अंक और प्रमाणपत्रों तक सीमित है। जबकि विज्ञान शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तथ्यों को रटाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में निरीक्षण क्षमता, विश्लेषणात्मक दृष्टि, तर्कशीलता और प्रमाण के आधार पर निर्णय लेने की आदत विकसित करना है।
विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में आधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं और प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तक विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान के अवसर पहुँचाना केवल शैक्षिक आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का भी प्रश्न है। किसी भी प्रतिभा को आर्थिक अभाव या भौगोलिक दूरी के कारण आगे बढ़ने से वंचित नहीं होना चाहिए।
विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान में महिलाओं की समान भागीदारी भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण है। क्योंकि विज्ञान किसी एक लिंग का विशेषाधिकार नहीं है। जिस समाज में बेटियों को जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सृजनशीलता के विकास का समान अवसर मिलता है, वही समाज भविष्य की ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान प्राप्त कर सकता है।
डिजिटल युग में सूचना की प्रचुरता है, लेकिन उसकी सत्यता परखने की प्रवृत्ति हमेशा उसी अनुपात में विकसित नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर अफवाहें, अवैज्ञानिक उपचार-पद्धतियाँ और भ्रामक सूचनाएँ तेजी से फैलती हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार नकली तस्वीरें, वीडियो और वक्तव्य भी सत्य और असत्य के बीच अंतर करना कठिन बना रहे हैं।
ऐसे समय में वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रत्येक नागरिक की महत्त्वपूर्ण बौद्धिक शक्ति है। किसी सूचना को स्वीकार करने से पहले उसके स्रोत की जाँच करना, प्रमाण के आधार पर निष्कर्ष निकालना और आवश्यकता पड़ने पर अपनी पूर्वधारणाओं को बदलने के लिए तैयार रहना ही वैज्ञानिक सोच की पहचान है।
लेकिन वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ नैतिकता, ईमानदारी, उत्तरदायित्व और सद्चरित्र का विकास भी आवश्यक है। तर्कशील होने का अर्थ मानवीय संवेदनाओं से विमुख होना नहीं है। विज्ञान हमें प्रश्न करना सिखाता है, लेकिन प्रश्न का उद्देश्य अपमान या विद्वेष नहीं, सत्य की खोज होना चाहिए। इसी प्रकार संदेह का उद्देश्य भ्रम फैलाना नहीं, बल्कि प्रमाण तक पहुँचना होना चाहिए। तर्क, नैतिकता और सहानुभूति का समन्वय ही एक स्वस्थ और जिम्मेदार समाज का निर्माण कर सकता है।
इक्कीसवीं सदी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नैनो-प्रौद्योगिकी, जैव-प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, क्वांटम तकनीक और उन्नत पदार्थ विज्ञान जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान मानव जीवन की संभावनाओं का विस्तार कर रहा है। सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, पर्यावरण-अनुकूल सामग्री और जलवायु के अनुरूप तकनीकों का विकास भविष्य को अधिक सुरक्षित बना सकता है।
लेकिन विकास के नाम पर प्रकृति का असीमित दोहन अंततः पूरी मानवता के लिए संकट पैदा करेगा। नदियों, वनों, जैव विविधता, मिट्टी और जल संसाधनों की रक्षा किए बिना वास्तविक विकास संभव नहीं है। इसलिए वैज्ञानिक प्रगति का मार्ग पर्यावरण के साथ संतुलन और दीर्घकालिक मानव कल्याण पर आधारित होना चाहिए।
बराक घाटी जैसे प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र में भी विज्ञान-आधारित विकास की व्यापक संभावनाएँ हैं। कृषि, चाय उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, जल संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में स्थानीय अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचार रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शोध संस्थानों, उद्योगों और स्थानीय प्रशासन के बीच प्रभावी सहयोग स्थापित हो तो यह क्षेत्र भी ज्ञान-आधारित विकास का महत्त्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
आज विज्ञान और तकनीक की प्रगति जितनी तेज है, उतनी ही आवश्यकता इस बात की है कि उनके लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचें। यदि आधुनिक तकनीक केवल संपन्न देशों या आर्थिक रूप से शक्तिशाली वर्गों तक सीमित रह जाए, तो वैश्विक असमानता और गहरी होगी। इसलिए अनुसंधान में निवेश, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, ज्ञान का मुक्त आदान-प्रदान और तकनीक का न्यायसंगत उपयोग सरकारों तथा समाज की साझा जिम्मेदारी है।
विश्व विज्ञान दिवस हमें याद दिलाता है कि विज्ञान कोई अलग-थलग गतिविधि नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। स्वच्छ पेयजल से लेकर आधुनिक चिकित्सा तक, कृषि उत्पादन से लेकर संचार व्यवस्था तक और पर्यावरण संरक्षण से लेकर अंतरिक्ष अनुसंधान तक—हर क्षेत्र में विज्ञान की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। किंतु विज्ञान को वास्तविक अर्थों में मानव कल्याण की शक्ति बनाने के लिए मुक्त चिंतन, जिम्मेदार अनुसंधान, नैतिक तकनीक और शांतिपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सहयोग अनिवार्य हैं।
अंततः मानव सभ्यता की श्रेष्ठता इस बात से निर्धारित नहीं होगी कि हम अंतरिक्ष में कितनी दूर पहुँच गए, कितने सूक्ष्म कणों के रहस्य जान लिए अथवा कितनी शक्तिशाली तकनीक विकसित कर ली। उसका वास्तविक मूल्यांकन इस आधार पर होगा कि अपने ज्ञान और तकनीक के माध्यम से हम कितनी भूखमुक्त, सुरक्षित, समानतापूर्ण, सहिष्णु और मानवीय दुनिया बना सके हैं।
विज्ञान का प्रकाश प्रयोगशालाओं की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसे दूरस्थ गाँवों के विद्यालयों, वंचित परिवारों के बच्चों, किसानों के खेतों, श्रमिकों के कार्यस्थलों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचना चाहिए। क्योंकि ज्ञान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह मानव मुक्ति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करे।