सेवा का कार्य सदैव निस्वार्थ भाव से करना चाहिए : ओमप्रकाश गोयल

भाऊराव देवरस सेवा न्यास की बैठक में सेवा प्रकल्पों की दी गई जानकारी, 33 वर्षों में आठ राज्यों के 96 लाख लोगों को मिला लाभ

विशेष प्रतिनिधि लखनऊ, 5 नवंबर। भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि सेवा का कार्य सदैव निस्वार्थ भाव से करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि निःस्वार्थ सेवा ही समाज के वास्तविक उत्थान का आधार है। उन्होंने सभी सदस्यों से न्यास द्वारा संचालित सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की।

दीपावली मिलन के अवसर पर श्री गोयल ने सभी को धनतेरस, दीपावली और भैया दूज सहित आगामी त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

न्यास के सह सचिव एवं वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट जितेंद्र अग्रवाल ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य सदस्यों को न्यास के माध्यम से संचालित विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी देना और उन्हें इन कार्यों में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, न्यास के संरक्षक ब्रह्मदेव शर्मा ‘भाईजी’ ने न्यास की स्थापना और उसके सेवा उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्या भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतींद्र जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व कुलपति डॉ. दुर्ग सिंह चौहान, डॉ. सुशील उपाध्याय तथा डॉ. अरुण कुमार शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और न्यास के विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से भी सदस्यों को इन प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में बताया गया कि पिछले 33 वर्षों में न्यास ने आठ राज्यों में 19 प्रकल्पों के माध्यम से अब तक लगभग 96 लाख लोगों तक सेवा पहुंचाई है। छह प्रमुख चिकित्सालयों के निकट मरीजों के परिजनों के लिए किफायती दरों पर आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त दो अस्पताल और एक सचल चिकित्सालय संचालित किए जा रहे हैं। लखनऊ एवं अयोध्या में दो नेत्र चिकित्सालयों के माध्यम से नेत्र चिकित्सा की सेवाएं दी जा रही हैं।

न्यास के अक्षय सेवा प्रकल्प के अंतर्गत प्रतिदिन हजारों लोगों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है। महामना शिक्षण संस्थान के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग तथा प्रतिभाशाली छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। समर्थ भारत के माध्यम से सात राज्यों के 43 केंद्रों पर युवाओं एवं जरूरतमंद लोगों को स्वावलंबन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली में करियर डेवलपमेंट सेंटर संचालित है।

न्यास की ओर से प्रतिवर्ष युवा साहित्यकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया जाता है। वहीं, भारतीय संस्कृति अध्ययन केंद्र के माध्यम से भारत के वास्तविक इतिहास के अनुसंधान एवं तथ्यों को सामने लाने का कार्य किया जा रहा है।

सेवा कार्यों में योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं को भगवान श्रीराम की प्रतिमा और दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन न्यास के विशेष कार्य अधिकारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने किया। बैठक में शिव भूषण त्रिपाठी, प्रोफेसर एसके द्विवेदी, कमलेश कुमार अग्रवाल, अवनींद्र चतुर्वेदी, प्रमोद तिवारी, रंजीव तिवारी, विनय प्रकाश तिवारी, समर्थ भारत के दिलीप कुमार, डॉ. राजकुमार अग्रवाल, डॉ. विनय कुमार मिश्रा, डॉ. बीके श्रीवास्तव, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. विनय गुप्ता, डॉ. श्वेता, डॉ. सारिका, डॉ. केएल श्रीवास्तव, डॉ. रत्नेश कुमार एवं सुनील कुमार चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Comment