मंदिरों का नियंत्रण सरकार के बजाय हिंदुओं के हाथ में होना चाहिए :नरेंद्रानंद सरस्वती

गड़वार(बलिया)

धर्मांतरण जो एक तरह से राष्ट्रांतरण है,वह देश हित में नहीं है।मंदिरों का नियंत्रण सरकार के बजाय हिंदुओं के हाथ में होना चाहिए।समान शिक्षा नीति और समान नागरिक संहिता समय की जरूरत हैं।उक्त बातें श्री जंगली बाबा धाम ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित हरिहरात्मक महायज्ञ के दौरान सुमेरु पीठाधीश्वर शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने कही। उन्होंने कहा कि भारत एक रहे,सुरक्षित रहे और संरक्षित रहे। संतों का काम धर्म जागरण करना है। अगर समाज जागरूक होगा तो गौ-संरक्षण भी होगा और स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि हमारी 14 विद्याओं में ज्योतिष भी महत्वपूर्ण विद्या है, जिसे नेत्र कहा गया है। अगर ज्योतिषाचार्य सलाहकार हैं तो वे अच्छा मार्गदर्शन ही करेंगे। जो लोग सनातन को समाप्त करने की बात कह रहे थे,वे स्वयं ही समाप्त हो गए। विजय का आना राष्ट्रहित,देशहित और मानवता के हित में है। श्री जंगली बाबा धाम सेवा ट्रस्ट के संयोजक पंडित राहुल उपाध्याय ने बताया कि धनतेरस के दिन ही श्री जंगली बाबा के महानिर्वाण दिवस के सौ वर्ष पूरा होने पर हरिहरात्मक महायज्ञ का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हो गया।शनिवार को महायज्ञ में पधारे विद्वान पंडितों,साधु-संतों को अंगवस्त्र देकर विदाई की जाएगी।

Leave a Comment