खेल महारण ३.० और शिशु क्रीड़ा समारोह के शुभारंभ की तैयारियों की जोरहाट में समीक्षा

[जिला आयुक्त जय शिवानी ने की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता; शत-प्रतिशत खिलाड़ियों की भागीदारी, पारदर्शिता और खेल मैदानों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर]

जोरहाट: असम सरकार के खेल विभाग की पहल पर आगामी ७ नवंबर से पूरे राज्य में आयोजित होने वाले ‘खेल महारण ३.०’ और ‘शिशु क्रीड़ा समारोह’ के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जोरहाट जिला प्रशासन की ओर से एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला आयुक्त जय शिवानी ने की। इन दोनों खेल आयोजनों का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें विकसित करने के अवसर प्रदान करना है। इसके तहत ग्राम पंचायत और नगरपालिका स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर तक विभिन्न चरणों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इन प्रतियोगिताओं में आठ खेल विधाओं—एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, मुक्केबाजी, शतरंज, तैराकी, योगासन और एक्वाथलॉन—को शामिल किया गया है। विभिन्न आयु वर्गों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त ने प्रतिभाओं की पहचान, व्यापक प्रचार-प्रसार और दोनों कार्यक्रमों के सफल आयोजन में संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद जिला खेल अधिकारी राहुल शर्मा ने इस संबंध में एक विस्तृत दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति दी।

जिला आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के कार्यक्रम के बारे में व्यापक जनजागरूकता पैदा करने तथा पंजीकृत खिलाड़ियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से शिशु क्रीड़ा समारोह के अंतर्गत १२ वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया। जिला खेल अधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए प्रतियोगिता स्थलों पर मौके पर ही पंजीकरण की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने खंड विकास अधिकारियों और कार्यपालक अधिकारियों को स्वयं खेल मैदानों का निरीक्षण कर उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त बनाने का निर्देश दिया। साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के पक्षपात से बचने की हिदायत दी।

जिला आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रतियोगिता स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सेवाओं सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी स्पष्ट निर्देश दिया।

बैठक के समापन पर टियोक के विधायक बिकास शइकिया और जोरहाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभ्रज्योति बोरा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने खेल महारण ३.० के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खेल के क्षेत्र में जोरहाट जिला उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।

बैठक में टियोक के विधायक बिकास शइकिया, जोरहाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभ्रज्योति बोरा, जोरहाट जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार बरुआ, तिताबर के सह-जिला आयुक्त प्रीतम कुमार दास, अतिरिक्त जिला आयुक्त बिपांची दत्ता, जोरहाट नगरपालिका बोर्ड की अध्यक्ष लखिमी खरघरिया, जिला परिषद के अध्यक्ष सुरजीत शइकिया, मरियानी, तिताबर और जोरहाट विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के प्रतिनिधि, नगरपालिका के कार्यपालक अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जोरहाट खेल संघ तथा अन्य खेल संघों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य हितधारक उपस्थित थे।

Leave a Comment