केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

[असम और पश्चिम बंगाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बताया मजबूत; कहा- महान गायक की कालजयी रचनाओं ने दोनों राज्यों के बीच बनाया अनूठा सांस्कृतिक सेतु]

सिलीगुड़ी: केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सोनोवाल ने महान गायक एवं सांस्कृतिक विभूति सुधाकंठ डॉ. भूपेन हजारिका के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने भारतीय संगीत, कला और संस्कृति के क्षेत्र में डॉ. हजारिका के अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस मौके पर सोनोवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल कभी डॉ. भूपेन हजारिका की सृजनात्मक यात्रा की महत्वपूर्ण भूमि रहा था और इस राज्य के साथ उनका गहरा आत्मीय संबंध था।

उन्होंने कहा, “अपनी कालजयी रचनाओं और मधुर सुरों के माध्यम से डॉ. भूपेन हजारिका ने असम और बंगाल के बीच एक अनूठा सांस्कृतिक सेतु स्थापित किया था।”

सोनोवाल ने महान कलाकार की अमर विरासत को नमन करते हुए कहा कि उनका संगीत और उनकी रचनाएं आज भी पीढ़ियों को प्रेरित कर रही हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बना रही हैं।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश महासचिव बापी गोस्वामी, सिलीगुड़ी जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण मंडल तथा प्रदेश मीडिया संयोजक अनुपम घोष भी उपस्थित थे।

Leave a Comment