एक चिंताजनक संस्मरण 

दो दिन पहले की एक घटना ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया।

शाम के करीब सात से पौने आठ बजे का समय था। मैं नवादा जिला मुख्यालय से अपने गाँव की ओर जा रहा था। शहर से बाहर निकलते ही सड़क सुनसान हो गई थी। चारों तरफ अंधेरा था। दूर-दूर तक कोई दिखाई नहीं दे रहा था।

तभी अचानक मेरी कार की हेडलाइट की रोशनी में एक छोटी-सी बच्ची दिखाई दी। वह नंगे पाँव तेजी से सड़क पर चली जा रही थी। सुनसान सड़क, गहरा अंधेरा और अकेली सात-आठ साल की बच्ची।

मैंने गाड़ी रोकी, शीशा नीचे करके पूछा, “बेटा, कहाँ जाना है?”

मेरी आवाज सुनते ही वह भागने लगी। मैंने गाड़ी से उतरकर उसे रोका। वह बुरी तरह घबराई हुई थी। चिल्लाकर कहने लगी, “मुझे जाने दीजिए, मुझे कहीं नहीं जाना है। मेरा कोई नहीं है। मेरे मम्मी-पापा सब भगवान के पास चले गए हैं।”

मैंने उसे प्यार से समझाया, पानी पिलाया और हिम्मत बंधाई। लेकिन वह अपने घर का पता बताने को तैयार नहीं थी। पुलिस का नाम सुनते ही और डर गई। बार-बार कहने लगी, “नहीं, पुलिस को मत बुलाइए।”

काफी देर तक बातचीत करने के बाद मैंने पूछा, “बेटा, पढ़ती हो?”

उसने कहा, “हाँ।”

उसने अपने स्कूल का नाम बताया। संयोग से उस स्कूल के निदेशक का नंबर मेरे पास था। मैंने उन्हें फोन किया। उन्होंने भी तत्काल सक्रियता दिखाई। स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों से संपर्क किया गया। बच्ची की तस्वीर भेजी गई और कुछ ही देर में उसकी पहचान और घर का पता मिल गया।

बाद में बच्ची ने अपनी माँ का नंबर भी दिया। मैंने उसकी माँ से बात की। पता चला कि उसके पिता का कुछ साल पहले कैंसर से निधन हो चुका है।

लेकिन असली पीड़ा अभी सामने आनी बाकी थी।

बच्ची घर जाने को तैयार ही नहीं थी। वह बार-बार कह रही थी, “मामी मुझे मारेगी, पीटेगी। भाई को प्यार करती है, मुझे प्यार नहीं करती। मुझे हर बात पर डाँटती है। मैं घर नहीं जाना चाहती।”

मैं उसे लगातार समझाता रहा कि ऐसा कुछ नहीं होगा। स्कूल के लोग भी पहुँच गए। लेकिन घर जाने से पहले बच्ची की एक ही विनती थी-

“मेरी माँ को कह दीजिएगा कि मुझे मारेगी नहीं।”

बाद में स्कूल के लोगों से पता चला कि उस दिन दूसरी कक्षा का रिजल्ट आया था। बच्ची के नंबर अपेक्षा से कम आए थे। शायद घर पहुँचने पर माँ उसे डाँटी और मारी होगी इसी डर से वह घर छोड़कर निकल गई थी।

जरा सोचिए !

दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली सात-आठ साल की एक बच्ची, जिसके कंधों पर अभी स्कूल बैग का बोझ भी ठीक से उठाने की उम्र नहीं आई है, वह अपने घर को ही असुरक्षित समझने लगी। परीक्षा में कम नंबर आने का डर उसे अंधेरी, सुनसान सड़क पर नंगे पाँव भटकने के लिए मजबूर कर गया।

उस रात मैं बहुत देर तक सोचता रहा।

आखिर हम अपने बच्चों को किस तरह का बचपन दे रहे हैं?

क्या बच्चों की सफलता का पैमाना सिर्फ परीक्षा के अंक रह गए हैं? क्या हमारा प्यार भी उनके रिपोर्ट कार्ड के नंबरों पर निर्भर होने लगा है?

हम चाहते हैं कि बच्चे हर परीक्षा में अव्वल आएँ, हर प्रतियोगिता जीतें, हर बार हमारी अपेक्षाओं पर खरे उतरें। लेकिन क्या कभी हमने यह जानने की कोशिश की है कि इन अपेक्षाओं का बोझ उठाते हुए उनके भीतर क्या चल रहा है?

बच्चे गलतियाँ करेंगे। उनके नंबर कम आएँगे। वे कभी असफल होंगे, कभी हमारी बात नहीं मानेंगे। यह सब उनके बचपन और उनके सीखने की स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा है।

लेकिन जब घर में गलती करने पर सजा का डर हो, असफल होने पर अपमान का भय हो और अपनी बात कहने पर डाँट का अंदेशा हो, तब बच्चा अपने मन की बात किससे कहेगा?

याद रखिए, बच्चे को सबसे ज्यादा सुरक्षा अपने घर में महसूस होनी चाहिए। अगर वही घर उसके लिए डर की जगह बन जाए तो इससे बड़ी विडंबना क्या होगी?

हमें यह भी समझना होगा कि हर बच्चा एक जैसा नहीं होता। हर बच्चे की सीखने की गति, उसकी क्षमता और उसकी परिस्थितियाँ अलग होती हैं। कम अंक आना किसी बच्चे की योग्यता, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम फैसला नहीं है।

माता-पिता होने का अर्थ सिर्फ बच्चों को पढ़ाना, अच्छे अंक लाने के लिए प्रेरित करना और अनुशासन सिखाना नहीं है। माता-पिता होने का सबसे बड़ा अर्थ है,बच्चों के भीतर यह भरोसा पैदा करना कि दुनिया चाहे कुछ भी कहे, वे अपने माता-पिता के पास बिना डरे लौट सकते हैं।

उस बच्ची की घटना ने मुझे एक बात बहुत गहराई से महसूस कराई कि हमें अपने बच्चों को सिर्फ सफल इंसान नहीं, बल्कि सुरक्षित और आत्मविश्वासी इंसान बनाने की जरूरत है।

क्योंकि हमें बच्चों के हाथों में सिर्फ अच्छे रिजल्ट की मार्कशीट नहीं, बल्कि ऐसा भरोसा देना है कि जिंदगी में कभी असफल भी हो जाएँ तो उनका घर उनसे कभी मुँह नहीं मोड़ेगा।

उस रात एक बच्ची अपने घर पहुँच गई। लेकिन उसके मन में बैठा डर कितना दूर हुआ, यह कहना मुश्किल है।

काश! हर घर में बच्चों को यह कहने का साहस मिले कि आज मेरे नंबर कम आए हैं, मुझसे गलती हुई है, मैं असफल हो गया/गई हूँ।

और हर माँ-बाप के पास इतना धैर्य हो कि वे जवाब में सिर्फ इतना कह सकें-

“कोई बात नहीं बेटा, नंबर कम आए हैं तो क्या हुआ? तुम सुरक्षित हो, हम तुम्हारे साथ हैं। अगली बार और बेहतर करेंगे।”

शायद इसी भरोसे का नाम परिवार है। 

एक सवाल हम सबके लिए: क्या हम अपने बच्चों को इतना प्यार और भरोसा दे पा रहे हैं कि वे अपनी असफलताओं के साथ भी बिना डरे हमारे पास लौट सकें?

यह बच्ची की तस्वीर है। मैंने इसका चेहरा ढक दिया है।

अर्जुन कुमार तरुण की फेसबुक वाल से साभार 

Leave a Comment