गुरुचरण विश्वविद्यालय और शिलचर मेडिकल कॉलेज के बीच शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर

शिलचर, 3 नवंबर: शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुचरण विश्वविद्यालय ने शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) की मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट (MRU) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

3 नवंबर को आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। गुरुचरण विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. अभिजीत नाथ तथा शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ओर से प्रिंसिपल-कम-सुपरिंटेंडेंट डॉ. अभिजीत स्वामी ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते का मुख्य उद्देश्य बहुविषयक अनुसंधान को बढ़ावा देना, ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा संयुक्त शोध परियोजनाओं, शैक्षणिक आदान-प्रदान और कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से जीव विज्ञान एवं चिकित्सा विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान की संभावनाओं को विस्तार देने पर जोर दिया जाएगा।

इस पहल से दोनों संस्थानों के बीच संस्थागत सहयोग और समन्वय मजबूत होने की उम्मीद है। गुरुचरण विश्वविद्यालय ने इस समझौते के माध्यम से अपने शोध बुनियादी ढांचे एवं अनुसंधान वातावरण को सुदृढ़ करने तथा अन्य शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों के साथ सार्थक सहयोग स्थापित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Comment