कांग्रेस और भाजपा के शासनकाल में भी सड़क से वंचित रहा गांव, विधायक राजदीप ग्वाला के प्रयासों से ठालिग्राम पाथरलाइन सड़क का PWD ने किया निरीक्षण।
चंद्रशेखर ग्वाला उधारबंद, 2 नवंबर:
स्वाधीनता के कई दशक बीत जाने के बाद भी कछार जिले के उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के टिकलपार गांव के लोगों को पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी थी। अब वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के बीच उम्मीद की नई किरण जगी है। उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला के विशेष निर्देश और प्रयासों से टिकलपार ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाली ठालिग्राम पाथरलाइन सड़क के निर्माण की दिशा में पहल शुरू हुई है।
जिला मुख्यालय शिलचर से महज 22 से 26 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस गांव के लोगों को अब तक पथरीली और कीचड़ से भरी पगडंडियों के सहारे आवागमन करना पड़ता था। बरसात के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी और भी बढ़ जाती थी। दशकों से पक्की सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए यह स्थिति किसी विडंबना से कम नहीं रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कांग्रेस शासनकाल में उधारबंद विधानसभा क्षेत्र से जगन्नाथ सिंह कई बार मंत्री बने। उनके बाद उनके भतीजे अजित सिंह भी दो बार राज्य सरकार में मंत्री रहे। इसके बाद भाजपा शासनकाल में मिहीर कांति सोम (भानु) दो बार विधायक निर्वाचित हुए। बावजूद इसके, गांव की सड़क समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ऐसे में ग्रामीणों के मन में विकास को लेकर लंबे समय से निराशा बनी हुई थी।
हालांकि, अब विधायक राजदीप ग्वाला की पहल से सड़क निर्माण की उम्मीद मजबूत हुई है। उनके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अभियंताओं ने ठालिग्राम पाथरलाइन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया तथा निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक पहलुओं पर विचार किया गया।
निरीक्षण के बाद आश्वासन दिया गया कि आवश्यक सरकारी एवं आधिकारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के पश्चात आने वाले कुछ महीनों में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस खबर से पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके वर्षों पुराने सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
इस पहल के लिए ठालिग्राम पाथरलाइन के ग्रामीणों ने विधायक राजदीप ग्वाला के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने मां कामाख्या और मां कचाकांति से प्रार्थना की कि विधायक स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु रहें तथा इसी तरह जनसेवा के कार्यों में निरंतर लगे रहें।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण का सपना जल्द साकार होगा और गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा। दशकों से उपेक्षा का दंश झेल रहे टिकलपार गांव के लोगों को अब पक्की सड़क के रूप में विकास की नई राह खुलने की प्रतीक्षा है।