बीसीपीएल ने ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ विषय के साथ मनाया सतर्कता जागरूकता सप्ताह २०२६

[सप्ताहव्यापी कार्यक्रम में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक कार्यप्रणाली पर दिया गया जोर; कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन]

डिब्रूगढ़: ब्रह्मपुत्र क्रैकर एंड पॉलिमर लिमिटेड (बीसीपीएल), डिब्रूगढ़ में केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप २६ अक्टूबर से १ नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह २०२६ मनाया गया। इस वर्ष का विषय ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखा गया था।

सप्ताहव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ २६ अक्टूबर को बीसीपीएल के प्रशासनिक भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान हुआ, जहां मुख्य परिचालन अधिकारी जयंत पांगिंग की उपस्थिति में बीसीपीएल के सभी कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

इस सप्ताह के दौरान सार्वजनिक जीवन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दोहराने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कक्षा आधारित प्रशिक्षण सत्र, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में बीसीपीएल के कर्मचारियों, संविदा कर्मियों तथा कर्मचारियों के परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह २०२६ का समापन समारोह २ नवंबर को बीसीपीएल के प्रशासनिक भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीसीपीएल के प्रबंध निदेशक प्रांजल चांगमाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वित्त निदेशक पृथ्वीराज दास, मुख्य परिचालन अधिकारी जयंत पांगिंग, परिचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम) के मुख्य महाप्रबंधक सितांग्शु पॉल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान सतर्कता विभाग की मुख्य प्रबंधक काबेरी काकती ने सप्ताहभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। वहीं, मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक रोहिणी कांता शर्मा ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित क्षमता निर्माण कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक प्रांजल चांगमाई ने बीसीपीएल परिवार के सभी सदस्यों से संगठनात्मक व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने, कार्यस्थल पर पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं और नीतियों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। वित्त निदेशक पृथ्वीराज दास ने भी संगठन की बेहतर प्रगति और विकास के लिए कार्यस्थल पर ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

समापन समारोह के दौरान एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित कर्मचारियों ने संगठन के भीतर पारदर्शिता और नैतिक कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के संबंध में अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम का समापन सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित करने के साथ हुआ।

Leave a Comment