कोकराझार ।कोकराझार जिले में तैनात 31वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गोसाईगांव के परिसर में शनिवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट श्री अमित सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य बल के जवानों और आम नागरिकों के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता दिवस की सामूहिक शपथ के साथ हुई। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात वाहिनी परिसर में ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया, जिसमें कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौड़ के जरिए शारीरिक तंदुरुस्ती और राष्ट्रीय एकजुटता का मजबूत संदेश दिया गया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वाहिनी मुख्यालय से गोसाईगांव मुख्य बाजार तक एक भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस रैली ने स्थानीय जनता का ध्यान आकर्षित किया और लोगों को आपसी सद्भाव व राष्ट्र प्रेम के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र निर्माण और भारतीय रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक व अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।