पंकज चौहान, खेरनी, अक्टूबर 31 । पश्चिम कार्बी आंगलोंग के अमरी स्थित उलुकुंची में आज लांगखोन खाम उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।

तिवा समुदाय द्वारा आयोजित इस उत्सव में कई जिलों से आए तिवा समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने अपनी पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक प्रथाओं का उत्साहपूर्वक पालन किया।
उत्सव में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा और कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (काक) के मुख्य कार्यकारी सदस्य डॉ. तुलिराम रोंगहांग विशेष रूप से उपस्थित रहे। अन्य गणमान्य व्यक्तियों में लोकसभा सांसद अमरसिंग तिस्सो, असम विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. हैबेई तेरोन, विधायक लुनसिंग तेरोन (हौराघाट विधानसभा) और निसो तेरांगपी (दिफू विधानसभा), स्थानीय मैक एवं कार्यकारी सदस्य डोमिनिक उपहिंग मसलाई के साथ अन्य कार्यकारी सदस्य, स्वायत्त परिषद के सदस्य और विशिष्ट अतिथि शामिल रहे।
लांगखोन उत्सव ने तिवा समुदाय को अपनी सदियों पुरानी परंपराओं को संरक्षित और बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। साथ ही, इसने क्षेत्र में सांस्कृतिक एकता और सद्भाव को और मजबूत किया।