जोरहाट: जोरहाट जिला प्रशासन ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहयोग से शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया, जहां असम सरकार की ओर से प्रदान किए गए उपहार तथा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के शारदीय उत्सव की शुभकामना संदेश वाले पत्र जिले के सरकारी मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बीच वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में कुल ११३ मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जोरहाट के क्षेत्रीय सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की क्षेत्रीय अधिकारी तथा प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मंदीरा छायेंगिया के स्वागत भाषण और कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देने के साथ हुआ।
इस अवसर पर जोरहाट के जिला आयुक्त जय शिवानी ने उपस्थित पत्रकारों का स्वागत किया और उन्हें शारदीय उत्सव के साथ-साथ आगामी श्रीश्री काली पूजा एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिले में हाल ही में संपन्न दुर्गा पूजा उत्सव को सफल बनाने में पत्रकारों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सहयोग की सराहना की।
जिला आयुक्त ने समाज के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए पत्रकारों से जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में पत्रकारों की ओर से जोरहाट ई-मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव बोरा ने अपना संबोधन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिले के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के अलावा जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।