राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में शिलचर की ममता सोम ने हासिल किया द्वितीय स्थान

भोपाल में आयोजित महर्षि विद्या मंदिर स्कूल समूह की प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों को पछाड़कर बढ़ाया शिलचर का गौरव

शिलचर, 30 अक्टूबर। भोपाल में आयोजित महर्षि विद्या मंदिर स्कूल समूह के अखिल भारतीय सांस्कृतिक समारोह MNCC की राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में शिलचर की छात्रा ममता सोम ने सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ममता शिलचर स्थित महर्षि विद्या मंदिर की कक्षा 12वीं की छात्रा हैं।

गत 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का विषय था— ‘एआई टूल्स पर निर्भरता : रचनात्मकता या आलोचनात्मक चिंतन?’ (Dependency on AI Tools: Creative or Critical?)। इस विषय के विपक्ष में अपने विचार रखते हुए ममता ने प्रभावशाली तर्कों, गहन विश्लेषण और धाराप्रवाह प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।

ममता ने अपने वक्तव्य में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर अत्यधिक निर्भरता से मनुष्य की स्वतंत्र चिंतन क्षमता, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक कौशल प्रभावित हो सकते हैं। उनकी तार्किक प्रस्तुति और विषय पर मजबूत पकड़ ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि दिलाई।

उल्लेखनीय है कि ममता ने इससे पहले क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता हासिल की थी। राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए उन्हें महर्षि विद्या मंदिर स्कूल समूह के अध्यक्ष ब्रह्मचारी डॉ. गिरीश चंद्र वर्मा जी के हाथों पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

ममता की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय तथा शिलचर के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय की प्राचार्या शमिता दत्त, मार्गदर्शक शिक्षिका शताक्षी भट्टाचार्य, शिक्षिका बिंदु सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और अपने परिवार के सहयोग एवं मार्गदर्शन को दिया।

गौरतलब है कि ममता सोम शिलचर के पत्रकार एवं समाजसेवी देवाशीष सोम की ज्येष्ठ पुत्री हैं। उन्होंने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का विश्वास जताते हुए सभी के आशीर्वाद और प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment