शिलचर, 29 अक्टूबर। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शिलचर सर्किल कार्यालय की ओर से 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सतर्कता, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर 28 अक्टूबर को शिलचर शहर की प्रमुख सड़कों पर वॉकाथन निकाली गई। इसमें बैंक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व सर्किल हेड एवं एजीएम सौरभ कुमार तथा एजीएम अजय कुमार चौधरी ने किया।
वहीं, 29 अक्टूबर को पीएनबी शिलचर सर्किल कार्यालय की ओर से काछाड़ कैंसर अस्पताल और हृदय एनजीओ के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बैंक कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों के भी भाग लेने की उम्मीद है।
बैंक सूत्रों के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, सतर्कता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।