धुबड़ी छठ पूजा कमिटी की साधारण सभा आयोजित,  छठ महापर्व की तैयारियों पर हुई चर्चा

धुबड़ी शहर के नुनियापट्टी स्थित शिवम धर्मशाला में धुबड़ी छठ पूजा कमिटी की साधारण सभा आयोजित की गई। सभा में पिछले वर्ष के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ ही इस वर्ष लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा में कमिटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ने पिछले वर्ष का हिसाब-किताब पेश किया, जबकि संपादक संजीव चौधरी ने सभा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस दौरान छठ महापर्व के आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

गौरतलब है कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

इस अवसर पर सभापति द्वारका प्रसाद, उपसभापति लखी नारायण रजक, अनंत लाल रजक, समाजसेवी उत्तम प्रसाद, वार्ड कमिश्नर उमेश राय, सिमुल सरकार और देव कुमार सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभा में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सामूहिक सहयोग और आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया गया।

Leave a Comment