स्टेशनरी एवं अध्ययन सामग्री भेंट कर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

लखनऊ, 24 अक्टूबर। अर्जुनगंज स्थित महामना शिक्षण संस्थान में शनिवार को सारथी स्वयंसेवी समूह के सदस्यों ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनके साथ आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्टेशनरी एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की गई, जिससे उनके उत्साह में वृद्धि हुई।
संस्थान की संचालन समिति के सदस्य मनीष कुमार जैन के प्रयासों से सारथी स्वयंसेवी समूह के सदस्यों का संस्थान में आगमन हुआ। संस्थान की ओर से अभिभावक वेंकटेश्वर पांडेय एवं दुर्गेंद्र शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। वेंकटेश्वर पांडेय ने अतिथियों को संस्थान की गतिविधियों, कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों से अवगत कराया।
संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए अतिथियों ने इसे शिक्षा के माध्यम से समाज के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सारथी स्वयंसेवी समूह की ओर से अजय कुमार जैन, प्रदीप कुमार दास, देवेंद्र सिंह, शरद मिश्रा, संजय कुमार श्रीवास्तव, श्रीमती अल्पना श्रीवास्तव, श्रीमती कुमुद सिंह, श्रीमती सरिता सिंह एवं श्रीमती विभा जैन उपस्थित थीं। समर्थ भारत की ओर से दिलीप कुमार एवं प्रीतम सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।