कोलकाता, 23 अक्टूबर: मुख्यालय वाली राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था शब्दाक्षर का वर्तमान वर्ष का साहित्योत्सव शब्दाक्षर की हरियाणा प्रांतीय इकाई की ओर से 24 से 26 अक्टूबर तक श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर, भिवानी, हरियाणा में आयोजित किया जाएगा। हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार को समर्पित राष्ट्रीय संगठन शब्दाक्षर की हरियाणा प्रांतीय इकाई इस बार के आयोजन की प्रभारी समिति है। इस साहित्योत्सव में अखिल भारत के 25 राज्यों के शब्दाक्षर संस्था के साहित्यकारों का भव्य समागम होगा। ज्ञात हो कि 2022 में चेन्नई, तमिलनाडु में
2023 हरिद्वार,उत्तराखंड में, 2024 को लखनऊ,उत्तर प्रदेश में तथा वर्ष 2025 में झूंझनू, राजस्थान में आयोजित हुए शब्दाक्षर साहित्योत्सव सफलता पूर्वक सम्पन्न हो चुके हैं।
श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर के महंत स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में देशभर के लगभग100 कवि और कवयित्रियां भाग लेंगे। सम्मेलन में साहित्यकार अपने गीतों, गजलों, दोहों और विविध साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य की छटा बिखेरेंगे। शब्दाक्षर संस्था के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में शब्दाक्षर के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह कोलकाता, पश्चिम बंगाल शामिल होंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय गीतकार एवं संगठन के संरक्षक बुद्धिनाथ मिश्र (देहरादून), संरक्षक डॉ. दया शंकर जांगिड़ (राजस्थान), संरक्षक डॉ. विनोद शर्मा (कोलकाता), प्रदेश महामंत्री सुरेश कलाकार, प्रदेश संरक्षक हरियाणा डॉ. मुरलीधर द्विवेदी और विमल जांगड़ा सहित साहित्य जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। शब्दाक्षर के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा निर्मल आयोजन प्रभारी होंगे।