आरोपी के खिलाफ शीघ्र कड़ी कार्रवाई की मांग, शिलचर प्रेस क्लब ने की घटना की निंदा
शिलचर, 22 अक्टूबर। शिलचर के अंबिकापट्टी में महानवमी की रात पत्रकार राहुलकांति देव पर हुए कथित जानलेवा हमले की शिलचर प्रेस क्लब ने कड़ी निंदा की है। प्रेस क्लब ने आरोपी अजय राय के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पत्रकार राहुलकांति देव ने बुधवार को शिलचर सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
प्राथमिकी के अनुसार, मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात करीब पौने 11 बजे राहुलकांति देव अंबिकापट्टी चौरंगी और भारती कॉर्नर प्वाइंट के बीच फुटपाथ पर मौजूद थे। उस समय वहां स्थानीय निवासी शिवु चौधरी, सुजीत नंदी मजूमदार, पिनाक धर, अभिजीत चक्रवर्ती और बिप्लब राय भी मौजूद थे। इसी दौरान 22 नंबर वार्ड की नवनिर्वाचित पार्षद परमिता चंद गुप्ता और उनके पति शोभन गुप्ता भी वहां से गुजर रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान अंबिकापट्टी के हितेश विश्वास रोड निवासी अजय राय ने अचानक राहुलकांति देव पर हमला कर दिया। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने उन पर लगातार लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए तथा जमीन पर गिराकर काफी देर तक मारपीट की। इस दौरान उन्हें अश्लील गालियां भी दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। पत्रकार ने बताया कि हमले के कारण उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई तथा उनकी हालत बेहोश होने जैसी हो गई थी।
घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिलचर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विकास चक्रवर्ती, महासचिव शंकर दे सहित अन्य सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।