आरपीआई (ए) का दो दिवसीय युवा सम्मेलन शिलचर में, रोजगार और आर्थिक विकास पर रहेगा जोर

शिलचर, 16 अक्टूबर: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की पहल पर आगामी 19 और 20 दिसंबर को सिलचर में दो दिवसीय ‘बेरोजगार युवा सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को सिलचर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आरपीआई (ए) के बराक घाटी के संयोजक सौरभ देव ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह युवा सम्मेलन बराक घाटी सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है। उनकी पार्टी पूर्वोत्तर में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और समग्र आर्थिक विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है। इस दिशा में व्यापक जागरूकता पैदा करने के लिए एक ठोस रूपरेखा भी तैयार की गई है।

सौरभ देव ने बताया कि सम्मेलन में पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले पूर्वोत्तर के विकास को लेकर विशेष रूप से रुचि रखते हैं। इस दिशा में पार्टी के केंद्रीय सचिव एवं पूर्वोत्तर के प्रभारी विनोद निकालजे भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पत्रकार सम्मेलन में अंजन वैष्णव, यमुना कर्मकार, प्रभाती कर्मकार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि आरपीआई (ए) समाज के सभी वर्गों, विशेषकर वंचित एवं हाशिए पर रहने वाले समुदायों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य को पूरा करने में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के विषय को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

Leave a Comment