आठों पदों पर निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों ने छात्र हितों के लिए कार्य करने का लिया संकल्प
शिलचर, 15 अक्टूबर : नवगठित गुरुचरण विश्वविद्यालय (GCU) के प्रथम छात्र संघ (GUSU) 2026–27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गुरुवार को शपथ ग्रहण किया। शोधार्थी अंबर पांडे ने विश्वविद्यालय के पहले छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समर्थित सभी आठ पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। शपथ ग्रहण के साथ ही विश्वविद्यालय के छात्र संघ की पहली कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभाल ली।
छात्र संघ चुनाव में सभी आठ पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। अंबर पांडे के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी से विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण में सुधार, छात्र सुविधाओं के विस्तार और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान की उम्मीद है।
अंबर पांडे के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी
छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष अंबर पांडे (शोधार्थी), उपाध्यक्ष रोहन रॉय (पीजी प्रथम सेमेस्टर), महासचिव बिश्वजीत दास (पीजी प्रथम सेमेस्टर), सहायक महासचिव (छात्र) अभिषेक चक्रवर्ती (पीजी प्रथम सेमेस्टर), सहायक महासचिव (छात्रा) मून दास (एफवाईयूजीपी तृतीय सेमेस्टर), खेल सचिव विश्वज्योति नंदी (एफवाईयूजीपी सप्तम सेमेस्टर), सांस्कृतिक सचिव परीक्षित रॉय (एफवाईयूजीपी पंचम सेमेस्टर) और पत्रिका सचिव सोनिया सिंघा (एफवाईआईएमपी प्रथम सेमेस्टर) शामिल हैं।
छात्र कल्याण और शोध को मिलेगी प्राथमिकता
अध्यक्ष अंबर पांडे ने इससे पहले अपनी जीत पर कहा था कि विश्वविद्यालय के प्रथम छात्र संघ के रूप में उनकी टीम शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्र संघ को विश्वविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने अब विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण विकसित करने की चुनौती होगी।