उधारबंद में मंत्री-विधायकों ने खुद संभाली झाड़ू, दिया स्वच्छता का संदेश

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों ने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान

उधारबंद, नीहार कांति राय: ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए उधारबंद में विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण तथा आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उधारबंद ग्राम पंचायत के प्रयास और जन स्वास्थ्य तकनीकी विभाग की व्यवस्था में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत यह अभियान चलाया गया।

उधारबंद स्टेट बैंक के आसपास आयोजित इस सफाई अभियान में मंत्री से लेकर विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लेकर कार्यक्रम को विशेष रूप दिया। जनप्रतिनिधियों को हाथों में झाड़ू लेकर सड़क के दोनों किनारों पर जमा कचरा साफ करते देखा गया। उनके इस कदम से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

अभियान में बराक घाटी के अभिभावक मंत्री कृष्णेंदु पाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय, विधायक कमलाक्ष देब पुरकायस्थ, उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला, बड़खोला के विधायक किशोर नाथ तथा राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर उधारबंद ब्लॉक की बीडीओ साधना काथारपी, क्षेत्रीय पंचायत की उपाध्यक्ष अमिता चक्रवर्ती, उधारबंद ग्राम पंचायत की अध्यक्ष काकली कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

सफाई अभियान के दौरान स्टेट बैंक के आसपास सड़क के दोनों किनारों पर जमा विभिन्न प्रकार के कचरे को हटाकर एकत्र किया गया। बाद में एकत्रित कचरे को वाहनों के माध्यम से निर्धारित स्थान पर ले जाकर निस्तारित किया गया।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। कार्यक्रम में लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अपने आसपास नियमित रूप से सफाई रखने की अपील की गई।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने की आवश्यकता है। स्वच्छ उधारबंद के निर्माण के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास पर भी विशेष जोर दिया गया।

जनप्रतिनिधियों के इस प्रत्यक्ष सफाई अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।

Leave a Comment