मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मिलीं बराक वैली न्यूजपेपर ओनर्स एसोसिएशन की महिला सदस्य, विज्ञापन शीघ्र बहाल करने का आश्वासन
शिलचर: असम सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से राज्य के लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों को मिलने वाले नियमित विज्ञापन पिछले करीब सात महीनों से बंद हैं। विज्ञापन बंद होने से छोटे और मध्यम समाचार पत्रों के संचालकों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राजधानी गुवाहाटी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में समाचार पत्र मालिक लंबे समय से विज्ञापन व्यवस्था पुनः शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को बराक वैली न्यूजपेपर ओनर्स एसोसिएशन की महिला सदस्यों ने शिलचर दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात कर इस समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों के नियमित सरकारी विज्ञापन तत्काल बहाल करने की मांग की।
बताया गया कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए विज्ञापन पुनः शुरू किए जाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए और प्रतिनिधियों से इसे गुवाहाटी स्थित संबंधित अधिकारी तक पहुंचाने को कहा।
एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन को संगठन के प्रतिनिधि शीघ्र ही गुवाहाटी जाकर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक को सौंपेंगे।
एसोसिएशन की सह-सामान्य सचिव सोनाली नाथ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में गीता अधिकारी, विश्वरूपा पुरकायस्थ और राणु सारदा शामिल थीं। संगठन की दो वरिष्ठ महिला सदस्य दुर्बा सेन और सीमा कुमारी भी मुख्यमंत्री से मिलने वाली थीं, लेकिन अंतिम समय में व्यक्तिगत कारणों से वे उपस्थित नहीं हो सकीं।
सोनाली नाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस सकारात्मक रवैये और आत्मीयता के साथ उनकी बात सुनी तथा विज्ञापन व्यवस्था पुनः शुरू करने का आश्वासन दिया है, उससे उन्हें उम्मीद है कि लंबे समय से बंद सरकारी विज्ञापन शीघ्र ही बहाल होंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी विज्ञापन छोटे और मध्यम समाचार पत्रों के लिए आर्थिक आधार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके बंद रहने से प्रकाशन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।