ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ शिलचर के 23वें स्थापना दिवस पर भव्य सांस्कृतिक संध्या

शहीद कार्मिकों के परिजनों का सम्मान, जवानों और बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

शिलचर: ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), शिलचर के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को ग्रुप केंद्र परिसर में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारों तथा आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्रुप केंद्र, शिलचर के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री उदय प्रताप सिंह थे। इस अवसर पर क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा श्रीमती सीमा सिंह, सीएमओ (एसजी), सीआईएटी स्कूल शिलचर डॉ. विनोद सिंह तथा द्वितीय कमान अधिकारी, सीआईएटी स्कूल शिलचर श्री सरवर हुसैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर सीआरपीएफ के शहीद कार्मिकों के परिजनों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। मुख्य अतिथि श्री उदय प्रताप सिंह ने शहीद कार्मिकों के परिजनों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया।

इसके बाद श्रीमती सीमा सिंह, क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा एवं अन्य कावा पदाधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में सीआरपीएफ कैंप परिसर की महिलाओं एवं बच्चों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति एवं विविध रंगों से सजी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी भावपूर्ण और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में आमंत्रित बाहरी कलाकारों के साथ-साथ सीआरपीएफ के कार्मिकों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के दौरान परिसर का माहौल उत्साह, उमंग और उल्लास से भर गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के समापन अवसर पर उत्कृष्ट एवं मनमोहक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को श्रीमती सीमा सिंह, क्षेत्रीय कावा अध्यक्षा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री उदय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीआरपीएफ के शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि बल के जवान देश की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव समर्पित रहते हैं। उन्होंने जवानों एवं उनके परिवारों के योगदान की भी सराहना की तथा सभी को मिलकर संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। स्थापना दिवस समारोह ने सीआरपीएफ परिवार के बीच एकता, आत्मीयता और गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Comment