भोराखाई चाय बागान में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया

शिलचर, 1 अक्टूबर: Mera Yuva Bharat (MY Bharat), Ministry of Youth Affairs & Sports के तत्वावधान में तथा SAKSHAM के सहयोग से भोराखाई चाय बागान स्थित Old Age Literacy Centre में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चाय बागान के वृद्ध श्रमिकों के स्वास्थ्य, कल्याण, गरिमा एवं सामाजिक सहभागिता पर विशेष ध्यान देते हुए यह दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत 50 वृद्ध व्यक्तियों की नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान 10 व्यक्तियों में मोतियाबिंद (Cataract) की पहचान हुई। उन्हें आवश्यक उपचार एवं आगे की चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए निर्देशित किया गया। शिविर में ऑप्टोमेट्रिस्ट नीता राभा द्वारा नेत्र जांच की गई। इस नेत्र जांच शिविर में Surdaas Community Eye Care Centre तथा Aloka Vision Foundation ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में पंचायत सदस्य सूर्य प्रसाद गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नियमित नेत्र जांच, आंखों की समस्याओं की शीघ्र पहचान तथा समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने उपस्थित वृद्धजनों से कार्यक्रम में दिए गए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता संदेशों का पालन करने का आग्रह किया।

वृद्धजनों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, स्वस्थ वृद्धावस्था एवं देखभाल विषय पर मनोवैज्ञानिक डॉ. मिथुन रॉय ने जागरूकता संबोधन किया। उन्होंने वृद्धजनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण दृष्टिबाधित गायिका रुद्राणी दास की संगीतमय प्रस्तुति एवं भजन मंडली की प्रस्तुति रही। रुद्राणी दास ने वृद्धजनों के लिए गीत प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण आनंदमय एवं भावपूर्ण हो गया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों के बीच खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। अच्छे स्वास्थ्य एवं पोषण का संदेश देते हुए दूध के पैकेट तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से साबुन भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के संबंध में जागरूकता संदेश ऑप्टोमेट्रिस्ट नीता राभा ने दिया। कार्यक्रम में खाद्य सामग्री का वितरण MY Bharat की ऑफिस को-ऑर्डिनेटर रूमी लस्कर तथा लिटरेसी सेंटर की सहायक बृंदा रविदास ने किया।

कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों के नेत्र स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया। चाय बागान क्षेत्र के वृद्ध श्रमिकों तक स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाने की दिशा में यह पहल विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही।

Leave a Comment